विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रकाश जावडेकर, डॉ. हर्षवर्धन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रभारी श्याम जाजू सहित सभी सांसदों ने विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया। मेरी दिल्ली मेरा सुझाव अभियान के तहत 11.65 लाख लोगों ने सुझाव दिया है।डॉ. हर्षवर्धन की अध्यक्षता में घोषणा पत्र समिति ने लोगों से मिले सुझाव के आधार पर संकल्प पत्र तैयार किया गया है।


भाजपा का संकल्प पत्र जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली देश का ह्रदय स्थान है। यह देशवासियों के लिए स्वाभिमान का स्थान है। देश के इतिहास के साथ ही भाजपा का इतिहास भी यहां से है। यहां से काम करके नेताओं ने देशभर में काम किया है। भाजपा नेताओं को जब भी मौका मिला है तब देश का भविष्य बदलने का काम किया है।


उन्होंने कहा कि इकोलॉजी, एथिक्स और इकोनॉमिक्स महत्वपूर्ण होता है। वायु प्रदूषण की समस्या को लेकर चिंतन कर कदम उठाए गए है। 55 हजार करोड़ रुपये खर्च करके सड़कें बनाई गई है। 16 हजार खर्च करके ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल का काम पूरा किया गया। इस सड़क के लिए दिल्ली सरकार ने पैसा नहीं दिया।